
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सभागार में दिनांक 24 जून, 2026 को ऑनलाइन भवन मानचित्र स्वीकृति हेतु शासन द्वारा विकसित नवीन “फास्टपास” (FastPass) प्रणाली के संचालन एवं उपयोग संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सॉफ़्टवेयर सर्विस प्रोवाइडर फर्म के विशेषज्ञों द्वारा प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ नगर के निजी वास्तुविदों तथा पंजीकृत अभियंताओं को नवीन प्रणाली की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं एवं मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में लगभग 25 प्रतिभागियों ने उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा पूर्व में संचालित ऑनलाइन भवन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली ओबीपीएएस (OBPAS) को बंद कर दिया गया है। इसके स्थान पर लागू की गई नवीन फास्टपास प्रणाली के माध्यम से भवन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी बनाया गया है।
वर्तमान में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा समस्त श्रेणी के भवन मानचित्र नवीन फास्टपास प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन प्राप्त एवं स्वीकृत किए जा रहे हैं। प्राधिकरण ने भवन निर्माणकर्ताओं, वास्तुविदों एवं पंजीकृत अभियंताओं से अनुरोध किया है कि वे मानचित्र स्वीकृति संबंधी समस्त आवेदन नवीन फास्टपास पोर्टल के माध्यम से ही प्रस्तुत करें।

Leave a Reply