जनपद मुरादाबाद में बढ़ते तापमान एवं हीट वेव (लू) की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए श्रम विभाग, मुरादाबाद द्वारा विभिन्न कारखानों, ईंट भट्ठों, भवन एवं अन्य निर्माण स्थलों तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों के लिए श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उप श्रम आयुक्त, मुरादाबाद श्री दीप्तिमान भट्ट द्वारा ईंट भट्ठों तथा निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों को दोपहर के अत्यधिक गर्म समय में कार्य से राहत प्रदान करने हेतु एडवाइजरी जारी की गई है।
कार्यस्थलों पर पर्याप्त छायादार विश्राम स्थल, शुद्ध पेयजल, ओआरएस, प्राथमिक उपचार सामग्री तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार ईंट भट्ठों पर सुबह 6:00 बजे से 11:00 बजे तक तथा सायं 4:00 बजे से 7:00 बजे तक कार्य कराया जाएगा। इसी प्रकार निर्माण स्थलों पर भी सुबह 6:00 बजे से दोपहर 11:00 बजे तक तथा सायं 4:00 बजे से 7:00 बजे तक कार्य संचालित किया जाएगा। दोपहर 11:00 बजे से 4:00 बजे तक श्रमिकों को विश्राम दिया जाएगा।
श्रम विभाग ने सभी कारखाना संचालकों, बिल्डर्स, ठेकेदारों एवं अन्य सेवायोजकों को निर्देशित किया है कि वे श्रमिकों के लिए पर्याप्त मात्रा में ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल, छायादार विश्राम स्थल तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएं। कार्यस्थलों पर ओआरएस एवं प्राथमिक उपचार किट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि यदि कोई श्रमिक हीट वेव के प्रभाव से अस्वस्थ महसूस करता है तो उसे तत्काल विश्राम एवं आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। श्रमिकों को नियमित अंतराल पर पानी पीने, हल्के एवं सूती वस्त्र पहनने तथा तेज धूप में अनावश्यक रूप से कार्य न करने के लिए जागरूक किया जाए।
श्रम विभाग ने उद्योग-व्यापार संगठनों, ईंट भट्ठा एसोसिएशन तथा अन्य संबंधित संस्थाओं से भी अपेक्षा की है कि वे श्रमिकों को हीट वेव से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें तथा सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
उप श्रम आयुक्त ने कहा है कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी प्रतिष्ठान हीट वेव से बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी श्रमिक के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

Leave a Reply